मध्य प्रदेश
14 May, 2026

देवास पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, तीन की मौत, 25 मजदूर घायल

देवास के टोंककला क्षेत्र में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट के बाद आग लगने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई और 25 घायल हुए, जिसके बाद फैक्टरी को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।

देवास, 14 मई।

जिले के ग्राम टोंककला के पास आगरा–मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक पटाखा फैक्टरी में गुरुवार को हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिसमें तीन श्रमिकों की मौत हो गई तथा 25 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर मालिक को हिरासत में ले लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10.30 बजे फैक्टरी में दो रसायनों के मिश्रण से बारूद तैयार किया जा रहा था, इसी दौरान मात्रा में गड़बड़ी होने से अचानक विस्फोट हो गया और देखते ही देखते पूरी फैक्टरी आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को तुरंत एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों से जिला अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने हादसे में तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि की है, जिनकी पहचान धीरज, सनी और सुमित के रूप में हुई है।

घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को इंदौर के टी. चोइथराम अस्पताल भेजा गया है। वहीं तीन घायलों का उपचार एमवाय अस्पताल में चल रहा है, कुछ मरीजों को अरविंदो अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि लगभग नौ घायल देवास के अमलतास अस्पताल में भर्ती हैं और इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य और केमिकल के नमूने एकत्र किए, जिनकी जांच की जा रही है। विशेषज्ञ डॉ. रश्मि ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी पहलुओं की जानकारी जुटाई है और पूरे मामले की वैज्ञानिक जांच जारी है। प्रशासन ने फैक्टरी को सील कर दिया है तथा पुलिस और जांच दल तैनात हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार यह फैक्टरी अनिल मालवीय की है, जहां करीब 15 दिन पहले ही छोटे पटाखों के निर्माण का कार्य शुरू हुआ था और इसके लिए लाइसेंस जारी किया गया था। घटना की विस्तृत जांच जारी है।

संभागायुक्त आशीष सिंह ने अस्पतालों में पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच के आदेश दिए हैं तथा मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों के निःशुल्क उपचार की घोषणा की है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़