सागर, 11 अप्रैल 2026।
सागर जिले के देवरी नगर के झुनकू वार्ड में जनसहयोग से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों को रोके जाने का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर बिना किसी जांच के की गई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को आंदोलन के तीसरे दिन देवरी नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन स्वयं सैकड़ों महिलाओं के साथ धरने पर बैठीं और मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल को स्थानीय प्रशासन ने झुनकू वार्ड स्थित मुक्तिधाम क्षेत्र में जनसहयोग से बनाए जा रहे अस्थि संचय कक्ष, लकड़ी भंडार गृह, गार्ड रूम तथा भगवान आदियोगी स्मारक के फाउंडेशन को अतिक्रमण बताते हुए जेसीबी से ढहा दिया था। इसके बाद शमशान भूमि पर बिना अनुमति निर्माण को लेकर जनभागीदारी समिति को नोटिस भी जारी किया गया था। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोग विरोध में उतर आए। इससे पहले मौन जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया था। अब नागरिकों और समिति ने नगरपालिका चौराहे पर धरना शुरू कर दिया है।
धरने के तीसरे दिन नगरपालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन ने करीब एक सैकड़ा महिलाओं के साथ प्रदर्शन में भाग लिया और मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप की मांग दोहराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश मोहन चौधरी ने कहा कि जनसहभागिता किसी भी समाज की जागरूकता का प्रतीक होती है और देवरी नगर का इतिहास सामाजिक चेतना व बलिदान से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता में जनभागीदारी आवश्यक है और आपदा के समय भी जनता ने सरकार का साथ दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसहयोग से जुड़े सकारात्मक प्रयासों को कमजोर करना उचित नहीं है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की राजनीति को तुरंत बंद किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे और लगभग 150 लोग धरने में शामिल होकर प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग करते रहे।













