अहमदाबाद, 13 मई।
गुजरात के अहमदाबाद के कुबेरनगर क्षेत्र स्थित सिंधु हॉल में आयोजित शादी समारोह उस समय हिंसक संघर्ष में बदल गया जब खाने में बिरयानी की जगह पुलाव परोसे जाने और उसके स्वाद को लेकर दूल्हा तथा दुल्हन पक्ष आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर चाकू और तवे जैसे रसोई के सामान से हमला करने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिल्ली निवासी 23 वर्षीय दुल्हन कशिश कछवाया की शिकायत के अनुसार उसकी शादी वस्त्राल निवासी सागर वाणी से तय थी और 11 मई की रात समारोह के दौरान पुलाव की गुणवत्ता को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसे उस समय शांत करा दिया गया था, लेकिन बाद में यह विवाद फिर भड़क उठा।
आरोप है कि सागर, उसके भाई अमृत और अन्य साथियों ने मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया, जिसके दौरान दुल्हन के पिता के हाथ पर चाकू से हमला किया गया, वहीं बीच-बचाव करने पहुंची रिश्तेदार पर भी हमला किया गया और दुल्हन, उसकी मां, दादी तथा भाई के साथ मारपीट की गई।
इस दौरान दुल्हन के गहने भी गायब होने का आरोप है, जिसमें मंगलसूत्र, अंगूठी और अन्य सोने के आभूषण शामिल बताए गए हैं।
पुलिस ने सागर, अमृत, चेतन और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरी ओर दूल्हा पक्ष ने भी पलटवार करते हुए दुल्हन के भाई पर विवाद शुरू करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है, जिसमें लोहे की झरी और तवे से हमले का दावा किया गया है। इस मामले में पुलिस ने जांच के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









.jpg)


.jpg)

