रीवा, 6 मई।
मध्य प्रदेश के रीवा रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया, जहां लिफ्ट अचानक बंद हो जाने से यात्री करीब ढाई घंटे तक फंसे रहे। इनमें महिलाएं, बच्चे और नागपुर से इलाज कर लौट रहे बीमार यात्री भी शामिल थे, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार इतवारी-रीवा ट्रेन सुबह करीब 9 बजे स्टेशन पहुंची थी। यात्री फ्लाईओवर से प्लेटफॉर्म क्रमांक एक की ओर जा रहे थे, तभी कुछ यात्रियों ने नीचे उतरने के लिए लिफ्ट का उपयोग किया। इसी दौरान बटन दबाते ही लिफ्ट बीच रास्ते में ही रुक गई।
लिफ्ट रुकते ही अंदर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआत में लोगों ने इसे बिजली गुल होने का मामला समझा, लेकिन काफी देर तक लिफ्ट चालू न होने पर अंदर फंसे यात्रियों ने मदद के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर स्टेशन प्रबंधन ने तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12 बजे लिफ्ट को चालू किया जा सका, जिसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि लिफ्ट में चार महिलाएं, दो बच्चे और एक पुरुष फंसे हुए थे, जिनमें अधिकांश मरीज शामिल थे जो इलाज कराकर नागपुर से लौटे थे। लंबे समय तक बंद रहने से लिफ्ट के अंदर घुटन जैसी स्थिति बन गई, जिससे यात्रियों की तबीयत भी बिगड़ने लगी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन प्रबंधन ने एम्बुलेंस भी बुला ली थी और अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया था, हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रारंभिक जांच में लिफ्ट के सही तरीके से रखरखाव न होने की बात सामने आई है। साथ ही यह भी पाया गया कि लिफ्ट संचालन के लिए कोई जिम्मेदार कर्मचारी तैनात नहीं था, जिसके कारण यात्री स्वयं ही इसका उपयोग कर रहे थे।
इस घटना ने रेलवे प्रबंधन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। यात्रियों ने मांग की है कि स्टेशन पर लिफ्टों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए और उनके संचालन के लिए जिम्मेदार कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



.jpg)





.jpg)



