प्रशासनिक खबरें
15 May, 2026

एमपी में नशे पर पुलिस का प्रहार, 5 दिन में करोड़ों का माल जब्त

मध्यप्रदेश पुलिस ने पांच दिनों में प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त सामग्री जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया।

भोपाल, 15 मई।

प्रदेशभर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज बनी हुई है। बीते पांच दिनों के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जिलों में अभियान चलाकर करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ, तस्करी में इस्तेमाल वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की है। इस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।

शहडोल जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 4 क्विंटल अवैध गांजा बरामद किया। कार्रवाई में तीन चारपहिया वाहन और सात मोबाइल फोन सहित लगभग 75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मंदसौर जिले में अलग-अलग पुलिस टीमों ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर अहम सफलता हासिल की। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने एक कार से एक किलो एमडी ड्रग्स बरामद कर तीन आरोपियों को पकड़ा। इस कार्रवाई में करीब 30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं, अफजलपुर थाना पुलिस ने डोडाचूरा की तस्करी कर रहे आरोपी को वाहन समेत गिरफ्तार कर करीब 8 लाख 24 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। दोनों मामलों में कुल 38 लाख 24 हजार रुपये से अधिक की जब्ती हुई।

रतलाम जिले में रिंगनोद थाना पुलिस ने एमडी ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। दूसरी ओर, बरखेड़ा थाना पुलिस ने 735 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा। दोनों मामलों में लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई।

राजगढ़ जिले में “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत छापीहेड़ा थाना पुलिस ने स्मैक और एक्टिवा स्कूटी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में करीब 1 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई। वहीं, बोडा थाना पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 40.30 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई।

गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र में राजस्थान से स्मैक की तस्करी कर रहे अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्मैक और मोटरसाइकिल सहित करीब 6 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

भोपाल के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने 37 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

रीवा जिले के सिविल लाइन थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 608 शीशी कोडीनयुक्त नशीली कफ सिरप जब्त की। मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया और बरामद सामग्री की कीमत लगभग 1 लाख 22 हजार रुपये बताई गई।

जबलपुर के संजीवनीनगर थाना पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर 3 किलो 110 ग्राम गांजा, मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 1 लाख 55 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

सीहोर जिले के शाहगंज थाना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8 किलो 459 ग्राम गांजा बरामद कर करीब 90 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

बैतूल जिले में सारणी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को पकड़ते हुए करीब 4.783 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है।

उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 9 किलो 142 ग्राम गांजा जब्त किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कार्रवाई में कुल करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई।

प्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और वितरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से नशे से दूरी बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़