इटानगर, 12 मई।
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के मियाओ सर्कल क्षेत्र में असम राइफल्स द्वारा चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान एनएससीएन के अंगामई गुट से जुड़े दो उग्रवादी मारे गए। यह मुठभेड़ सोमवार देर रात सोंगकिंग गांव के पास घने जंगल क्षेत्र में हुई।
सूत्रों के अनुसार यह अभियान मियाओ पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत इलाके में संदिग्ध उग्रवादी गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू किया गया था। सुरक्षा बलों ने देर रात इलाके में तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान उग्रवादियों और सुरक्षाबलों के बीच भारी गोलीबारी हुई।
इस दौरान दोनों ओर से रुक-रुक कर चली मुठभेड़ में दो उग्रवादी ढेर हो गए। घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
बताया गया है कि एनएससीएन के अंगामई गुट की ओर से जारी बयान में मारे गए दोनों कैडरों की पहचान तांगशांग क्षेत्र के नयांग गांव निवासी स्वयंभू लेफ्टिनेंट कर्नल उमकोंग और लीनोंग क्षेत्र के चिथोक गांव के स्वयंभू सार्जेंट एनू के रूप में की गई है।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह कार्रवाई उस जानकारी के आधार पर की गई थी जिसमें बताया गया था कि उग्रवादी इलाके में डेरा डालकर स्थानीय ग्रामीणों से जबरन वसूली कर रहे थे। इसी सूचना के आधार पर असम राइफल्स ने अभियान शुरू किया।
मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में तलाशी अभियान और तेज कर दिया गया है ताकि बाकी उग्रवादियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके और पूरे इलाके को सुरक्षित किया जा सके।











.jpg)
