जबलपुर, 11 अप्रैल 2026।
नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण की कसौटी पर पूरी तरह खरा उतरने की दिशा में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शनिवार को वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और सीएनडी प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों प्लांटों की कार्यप्रणाली, संचालन व्यवस्था तथा वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का गहन अवलोकन किया और सभी व्यवस्थाओं को संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को लेकर नगर निगम पूरी तरह सतर्क और सुदृढ़ है।
इस दौरान दो प्रमुख इकाइयों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट में कचरे से बिजली उत्पादन की प्रक्रिया और उसकी क्षमता का आकलन किया गया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि प्लांट तक पहुंचने वाले मार्गों को मजबूत किया जा चुका है ताकि कचरा परिवहन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
वहीं सीएनडी वेस्ट प्लांट को 'वेस्ट-टू-वेल्थ' मॉडल का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया, जहां निर्माण मलबे से पेवर ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं।
इस प्लांट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां तैयार किए गए पेवर ब्लॉक न केवल नगर निगम के विभिन्न निर्माण कार्यों में उपयोग हो रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी बेहद कम दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे एक ओर मलबे का प्रभावी निपटान हो रहा है, तो दूसरी ओर लोगों को सस्ती निर्माण सामग्री भी मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त के साथ अतिक्रमण अधिकारी मनीष तड़से और सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा भी उपस्थित रहे।













