मुरैना, 08 अप्रैल 2026।
मुरैना में रेत माफिया ने वन रक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना दिमनी थाना क्षेत्र के रानपुर गांव चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुई। आरोपी रेत बेचकर फरार हो गया।
वन विभाग की छह सदस्यीय टीम रूटीन गश्त पर निकली थी। इसी दौरान रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर विनोद कोरी ने ट्रैक्टर लेकर भागने की कोशिश की। हरकेश गुर्जर ने उसे रोकने का प्रयास किया, तब ड्राइवर ने उन्हें कुचल दिया।
पास ही बने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में आरोपी विनोद कोरी की तस्वीरें कैद हो गई हैं। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल घटनास्थल पर पहुंचे और प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
वन विभाग ने तीन आरोपियों के नाम आवेदन में दिये। इसमें ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर तथा ड्राइवर विनोद कोरी शामिल हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया कि ट्रैक्टर सोनू और पवन की साझेदारी में था। गश्त के समय टीम में संदीप, शत्रुघ्न, विनोद, हरकेश और गेम रेंज ऑफिसर वीर कुमार तिर्की शामिल थे।

कृषि मंत्री के बेटे बंकू उर्फ कप्तान कंसाना भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और पुलिस से नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक के परिजन से जबरन एफआईआर पर साइन करवाए जा रहे हैं।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि चंबल क्षेत्र में रेत माफिया का राज कायम है और पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।
वन रक्षक हरकेश गुर्जर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जनकपुर में किया गया। मुखाग्नि उनके चाचा के बेटे सोनू गुर्जर ने दी। हरकेश अपनी पत्नी लवली गुर्जर, दो साल के बेटे तन्मय और चार साल की बेटी तन्वी को पीछे छोड़ गए।
वन रक्षक के साले गौरव गुर्जर ने बताया कि वे घटना के समय प्रत्यक्षदर्शी थे। उन्होंने कहा कि गेम रेंज ऑफिसर वीर कुमार तिर्की ने ट्रैक्टर रुकवाने का इशारा किया था, तब ड्राइवर ने हरकेश पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल ने कहा कि मृतक परिवार को सहायता और पत्नी को शासकीय नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हरकेश को शहीद का दर्जा देने की मांग की जा रही है। कलेक्टर जांगिड़ ने आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दिमनी थाने में केस दर्ज किया गया है और इलाके में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
