दुर्ग, 12 मई।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित महामाया बस्ती में मंगलवार को गैस सिलेंडर फटने से हुए भीषण हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए विस्फोट के बाद लगी आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों में दो युवतियां, एक पुरुष और डेढ़ साल की मासूम बच्ची शामिल हैं। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण पूरा मकान गैस से भर गया था, जिसके बाद विस्फोट हुआ और आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। बाद में भारी मशक्कत के बाद चारों शव बाहर निकाले गए।
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय अनिल वैष्णव, 20 वर्षीय लक्ष्मी, 18 वर्षीय चांदनी और डेढ़ साल की बच्ची गोपिका वैष्णव के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और सरकार प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।











.jpg)
