कांकेर, 15 मई।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को चार महिलाओं की मौत की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कहीं सांप के डसने से जान गई तो कहीं आत्महत्या और सड़क दुर्घटना के मामले शामिल हैं। पुलिस ने सभी मामलों में पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोरर थाना क्षेत्र के ग्राम भेजा में 16 वर्षीय कुमारी सकीना कमेटी अपने घर में सो रही थी, इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के ग्राम कोटागांव में रहने वाली 23 वर्षीय कुमारी मंजू दर्रो को भी सांप ने डस लिया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिचपारा निवासी 60 वर्षीय अगोन बाई ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके अलावा इसी थाना क्षेत्र के ग्राम नयापारा निवासी 47 वर्षीय सरोज सिंह सुबह काम पर जा रही थीं, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने सभी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और संबंधित मामलों की विस्तृत विवेचना की जा रही है।





.jpg)








