मध्य प्रदेश
06 May, 2026

गैस कीमत बढ़ोतरी पर आम आदमी पार्टी का हंगामा, भोपाल में प्रदर्शन

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने भोपाल में प्रदर्शन कर सरकार से मूल्य वापस लेने की मांग की।

भोपाल, 6 मई।

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की वृद्धि के विरोध में आम आदमी पार्टी की भोपाल जिला इकाई ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला अध्यक्ष हरीश पाठक ने कहा कि यह मूल्यवृद्धि पूरी तरह अन्यायपूर्ण है और इससे छोटे व्यापारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मिन्हाज आलम ने कहा कि चुनावों के बाद कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में अचानक की गई बढ़ोतरी सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करती है। उन्होंने दावा किया कि इससे बेरोजगारी बढ़ेगी और कई छोटे होटल एवं व्यवसाय बंद होने की स्थिति में पहुंच सकते हैं।

नेताओं ने यह भी कहा कि वर्तमान में विवाह सीजन चल रहा है, ऐसे में आयोजनों की लागत में भारी वृद्धि होगी। अनुमान के अनुसार 500 लोगों के भोजन पर लगभग 50 हजार रुपये तक अतिरिक्त खर्च बढ़ सकता है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक दबाव और अधिक बढ़ेगा।

पार्टी ने बताया कि 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इससे पहले भी 195.50 रुपये की वृद्धि की गई थी और अब कुल बढ़ोतरी लगभग 47.8 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

प्रदर्शन में यह भी चिंता जताई गई कि एलपीजी आपूर्ति को लेकर पहले से ही समस्याएं बनी हुई हैं। समय पर सिलेंडर न मिलना और ब्लैक मार्केटिंग जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। घरेलू सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल रही है।

वर्तमान बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 3,071 रुपये और रीवा में 3,300 रुपये से अधिक कीमत पर पहुंच गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़