गोरखपुर, 06 मई।
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से आयुष्मान कार्ड की स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए पूरी मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाया जाए, ताकि किसी को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लगभग दो सौ लोगों से सीधे मिले और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और किसी को भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग मामलों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर आए लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल का अनुमानित खर्च प्राप्त होते ही विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ आए परिजनों से भी मुलाकात की, बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट भेंट कर आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों से हल्की बातचीत करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित भी किया।






.jpg)





