उत्तर प्रदेश
06 May, 2026

देवरिया में नए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संभाला पद

नव नियुक्त जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने देवरिया में पदभार ग्रहण कर शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

देवरिया, 06 मई।

उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में नवनियुक्त जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। वे 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से कर्नाटक के निवासी हैं। इससे पहले वे मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत रहे हैं। जिले में उन्होंने 69वें जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली है।

पदभार ग्रहण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से जमीनी स्तर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक टीम समन्वय के साथ कार्य करेगी और जनसमस्याओं का शीघ्र व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय कक्ष, एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख, अभिलेखागार तथा नवीन कलेक्ट्रेट सभागार सहित विभिन्न अनुभागों की स्थिति का जायजा लिया गया। अभिलेखागार में दस्तावेजों के समुचित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के पश्चात जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त, उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर, वरिष्ठ कोषाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, एनआईसी अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़