वाराणसी, 06 मई।
वाराणसी में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन हुआ। गोरखपुर से उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां पहले से मौजूद भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
पुलिस लाइन से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वाहनों के काफिले में सर्किट हाउस पहुंचे। यहां कुछ समय रुकने के बाद वे भोजूबीर स्थित उदय प्रताप कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. राजीव कृष्ण के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने परिजनों से बातचीत की और उनके साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री कालभैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और बाबा की आरती भी उतारी। इसके बाद उनके श्री काशी विश्वनाथ मंदिर जाकर दर्शन करने का कार्यक्रम निर्धारित रहा।
शहर में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा भी की जानी थी, जिसके बाद उनका प्रयागराज के लिए प्रस्थान प्रस्तावित रहा।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले मंगलवार शाम निर्धारित था, लेकिन गोरखपुर में शिक्षामित्रों के चेक वितरण कार्यक्रम में देरी होने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। उनके आगमन को देखते हुए पूरे मार्ग को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।













