जबलपुर, 12 मई
जबलपुर जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामसागर तालाब में सोमवार की शाम स्नान के लिए गए दो युवकों की पानी में डूबने से दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह चलाए गए रेस्क्यू अभियान में एक युवक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है। यह पूरा मामला जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर का है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि गोसलपुर की झुग्गी बस्ती निवासी तीन मित्र इरावत (19), अर्जुन (21) और करण सोमवार शाम तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान इरावत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी की ओर चला गया। उसे बचाने के लिए अर्जुन ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ही गहराई में जाकर डूब गए और बाहर नहीं निकल सके। किनारे मौजूद तीसरे साथी करण ने घबराकर तुरंत बस्ती पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने सोमवार रात से ही खोजबीन शुरू कर दी थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब 10 बजे अर्जुन का शव तालाब के बीचों-बीच झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। वहीं इरावत का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और उसकी तलाश लगातार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिहोरा तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजम, नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिलाने का आश्वासन भी दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामसागर तालाब में घनी झाड़ियां और गहरी जलीय घास फैली हुई है, जिससे यहां पानी में उतरना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक इन्हीं झाड़ियों में फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सके। फिलहाल लापता युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है।







.jpg)




.jpg)