लखनऊ 12 मई
राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन पार्क में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि पार्क में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी। शव की पहचान के प्रयास आसपास के लोगों से किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि चोट किसी भारी लकड़ी या कठोर वस्तु से लगी हो सकती है।
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो व्यक्ति एक-दूसरे के साथ पार्क के अंदर जाते दिखाई दिए। कुछ समय बाद उनमें से एक व्यक्ति लकड़ी का डंडा लेकर दोबारा पार्क में प्रवेश करता और कुछ देर बाद तेजी से बाहर निकलता दिखा।
पुलिस ने संदिग्ध की पहचान मोतीझील निवासी पिंटू के रूप में की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ने की बात कही गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है।








.jpg)


