कन्नौज, 12 मई।
कन्नौज जिले में तीन वर्ष पूर्व हुए अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मंगलवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान चली गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के पंथरा गांव निवासी राहुल के पुत्र का अक्टूबर 2022 में अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में संगीता देवी की शिकायत पर विजेंद्र कुमार, विवेक कुमार, आदेश, सागर उर्फ धर्मवीर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान 16 अक्टूबर 2022 को राहुल का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई। पुलिस ने विजेंद्र और विवेक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि सागर उर्फ धर्मवीर फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर कि आरोपी क्षेत्र में देखा गया है और कहीं जाने की फिराक में है, पुलिस ने फर्रुखाबाद रोड पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान उसे रोकने का प्रयास किया गया तो उसने फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह गिरकर घायल हो गया। उसके पास से तमंचा, तीन कारतूस, एक खोखा और दो हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कन्नौज में आठ और फर्रुखाबाद में दो मुकदमे दर्ज हैं और वह क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।








.jpg)


