दतिया, 01 मई।
जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की मुहिम के तहत कलेक्टर के निर्देश पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त कराया गया।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी के अनुसार दतिया गिर्द क्षेत्र की सर्वे नंबर 257 वाली लगभग 3.00 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर वर्षों से किया गया अतिक्रमण हटाया गया। मौके पर बने पक्के निर्माणों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर जमीन को खाली कराया गया।
इसके साथ ही सर्वे नंबर 1233/1 में लगभग 0.40 हेक्टेयर भूमि पर किए गए अतिक्रमण की भी पहचान कर कार्रवाई की गई, जहां लगभग 10 पक्के मकानों को हटाकर सरकारी जमीन को पुनः कब्जामुक्त किया गया।
पूरी कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सहित राजस्व अमला, सिविल लाइन पुलिस बल और नगर पालिका टीम मौजूद रही तथा अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।








