चंद्रपुर, 22 मई ।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तालुका स्थित गुंजेवाही क्षेत्र में शुक्रवार को तेंदू पत्ता संग्रह के लिए जंगल गई महिलाओं पर बाघ ने हमला कर दिया, जिसमें चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार गर्मी के मौसम में तेंदू पत्ता तोड़ाई का कार्य बड़े पैमाने पर शुरू होने के कारण ग्रामीण बड़ी संख्या में जंगलों का रुख कर रहे हैं। इसी क्रम में गुंजेवाही गांव की कुछ महिलाएं आज सुबह नियमित रूप से पत्ता संग्रह के लिए जंगल गई थीं। सुबह लगभग आठ बजे के आसपास जंगल में घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे चारों महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और उन्होंने बाघ को जल्द पकड़ने या नियंत्रित करने की मांग की है। वहीं पूरे क्षेत्र में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है।
सूचना मिलने पर सिंदेवाही वन क्षेत्र अधिकारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों की पहचान कवडूबाई दादाजी मोहुर्ले (पैंतालीस वर्ष), अनुबाई दादाजी मोहुर्ले (छियालीस वर्ष), संगीता संतोष चौधरी (छत्तीस वर्ष) और सुनीता कौशिक मोहुर्ले (तैंतीस वर्ष) के रूप में हुई है। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है तथा संबंधित क्षेत्र में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।






.jpg)







