रायगढ़, 28 मई ।
खरसिया क्षेत्र के ग्राम गुरदा में मिले 16 वर्षीय किशोर के शव से जुड़े अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच को आगे बढ़ाया और मामले में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या की पूरी सच्चाई सामने आई।
जानकारी के अनुसार 25 मई को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार क्षेत्र में बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई, जिसे 24 मई की सुबह गांव के ही ऋषि डनसेना द्वारा काम के बहाने घर से ले जाया गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटने पर अगले दिन उसका शव बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु को हत्यात्मक पाए जाने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज की गई, जिसमें ऋषि डनसेना से पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन सभी आरोपी एक साथ खेत में शराब का सेवन कर रहे थे, जहां आम तोड़ने की बात को लेकर मृतक और एक आरोपी के बीच विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे वह खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने शव को उठाकर बरगद पेड़ के नीचे रखकर घटना को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।
इसके बाद आरोपियों ने मृतक के बारे में पूछे जाने पर परिजनों को गुमराह करने का प्रयास भी किया और घटना को छिपाने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया और साक्ष्य एकत्र किए, जिसके आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।











