धार, 30 मई ।
धार जिले के गंधवानी क्षेत्र में बकरा ईद शुभकामना पोस्टर को लेकर विवाद गहरा गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक पोस्टर में गोमाता का चित्र उपयोग किए जाने पर हिंदू संगठनों और स्थानीय समाजजनों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर साझा किए गए ईद-उल-अजहा के शुभकामना पोस्टर में गोमाता का चित्र भी दर्शाया गया था। पोस्टर में क्षेत्र के कुछ जनप्रतिनिधियों के फोटो शामिल होने की बात भी सामने आई है। पोस्ट वायरल होने के बाद इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए विरोध शुरू हो गया।
विरोध के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन गंधवानी के गणेश मंदिर परिसर में एकत्रित हुए। यहां से लोगों ने पैदल मार्च निकालते हुए बस स्टैंड तक पहुंचकर प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
पुलिस के अनुसार शिकायत की जांच के बाद गंधवानी निवासी आशिक खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण कायम कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। अधिकारियों के मुताबिक मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











