जयपुर, 2 जून ।
राजस्थान पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2017 में ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली में छेड़छाड़ कर अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप ने बड़ी कार्रवाई की है।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कानाराम को गिरफ्तार किया है, जिस पर परीक्षा केंद्र की व्यवस्था से लेकर तकनीकी गड़बड़ी तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आरोप है।
जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र पर मिलीभगत कर कंप्यूटर सिस्टम में रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर के माध्यम से बाहरी व्यक्तियों को नियंत्रण दिया गया, जिससे प्रश्न पत्र का ऑनलाइन हल किया गया।
इस पूरी प्रक्रिया में ‘डार्क कॉमेट’ नामक सॉफ्टवेयर के जरिए कंप्यूटर का नियंत्रण बाहर बैठे गिरोह के सदस्यों को सौंपा गया और अभ्यर्थी को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह भी खुलासा हुआ कि परीक्षा के दौरान सीट बदलकर सुनियोजित तरीके से लाभार्थी अभ्यर्थी को सिस्टम से जोड़ा गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी इस पूरे नेटवर्क का महत्वपूर्ण सदस्य था, जिसने परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था सुनिश्चित करने और गिरोह से संपर्क स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई।
अब तक इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जांच एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही हैं।











