जयपुर, 2 जून ।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 में हुई धांधली के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी नरेश कुमार पर मूल अभ्यर्थी की जगह परीक्षा में शामिल होकर परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप है और उस पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जांच में सामने आया कि परीक्षा में शामिल होने के बदले आरोपी और संबंधित अभ्यर्थी के बीच आर्थिक सौदा हुआ था, जिससे पूरी भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हुई।
इस मामले में पहले भी अन्य डमी परीक्षार्थियों और मूल अभ्यर्थी के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
एसओजी के अनुसार आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी, जिसके बाद अब उसे गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे नेटवर्क, लेन-देन और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।











