नई दिल्ली, 02 जून ।
सऊदी अरब में हज की अदायगी पूरी करने के बाद भारतीय हाजियों की स्वदेश वापसी का सिलसिला मंगलवार से शुरू हो गया। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे हाजियों के पहले जत्थे का केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्वागत किया। सऊदी एयरलाइन की उड़ान से लौटे 371 हाजियों का फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया गया।
हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने कहा कि हाजियों के पहले दल के स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री का स्वयं हवाई अड्डे पहुंचना हज यात्रियों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भारतीय हाजियों के लिए भारत के साथ-साथ मक्का, मदीना, मीना और अराफात में भी अतिरिक्त सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
उन्होंने बताया कि पहले हाजियों को मक्का और मदीना के बीच बसों के माध्यम से यात्रा करनी पड़ती थी, जिसमें कई घंटे लगते थे। इस बार यात्रियों को बुलेट ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा मीना में पहली बार हाजियों के लिए सोफा बेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
दिल्ली स्टेट हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी के अनुसार, जेद्दा से दिल्ली पहुंची पहली उड़ान में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुल 371 हाजी शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सरकारी कोटे के तहत देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हज यात्रा की।
आरफी ने जानकारी दी कि दिल्ली से कुल 54 उड़ानों के माध्यम से हाजियों ने हज यात्रा के लिए प्रस्थान किया था और उनकी वापसी भी 54 उड़ानों से होगी। वापसी का यह क्रम पूरे जून माह तक जारी रहेगा और अंतिम उड़ान 30 जून को दिल्ली पहुंचेगी।
महिला और पुरुष हाजियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। इसके साथ ही अल्प अवधि हज यात्रियों और बिना मेहरम हज पर जाने वाली महिलाओं ने भी इस वर्ष यात्रा में हिस्सा लिया। हज यात्रा से लौट रहे यात्रियों के स्वागत और सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।












