बिजनौर, 03 जून ।
नगीना देहात थाना क्षेत्र में 15 माह के एक मासूम बच्चे के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। बच्चे की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बच्चे की बरामदगी के लिए एक विशेष टीम भी गठित की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पानीपत निवासी तमन्ना ने बताया कि वह 17 मई को अपने माता-पिता और भाई के साथ चचेरे भाई के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम कोटकादर आई थीं। उस दौरान उनका 15 माह का बेटा आदियान घर के भीतर सो रहा था।
महिला का आरोप है कि इसी बीच दो अज्ञात व्यक्ति घर में घुसे और बच्चे को उठाकर ले जाने लगे। घटना की जानकारी होने पर वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान महिला के ससुर और देवर मौके पर पहुंच गए और कथित रूप से गाली-गलौज तथा मारपीट करने लगे। महिला का कहना है कि आरोपितों ने पीछा करने पर बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी और वहां से फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले को गंभीरता से लिया गया है। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और बच्चे की तलाश के लिए टीम को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द से जल्द बच्चे का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।











