अनूपपुर, 03 जून ।
भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के चलते युवक की हत्या की गई थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली थी कि छोहरी स्थित ओसीएम पोखरी डैम में एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया है। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकलवाया। जांच में मृतक की पहचान ग्राम छोहरी निवासी 18 वर्षीय सनि उर्फ मोटू सहीस के रूप में हुई। शव के साथ रेत से भरी बोरी रस्सी से बंधी मिली थी।
मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। गंभीर अपराध को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की गई। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मामला प्रेम संबंध से जुड़ा पाया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक का एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी युवती के परिजनों को होने के बाद कई बार उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हुआ। इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार 29 मई की रात आरोपित युवक को मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गए। बाद में सुनसान स्थान पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को डैम में फेंक दिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, रस्सी, मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।




.jpg)






