शाजापुर, 05 जून ।
पनवाड़ी स्थित एक वॉटर पार्क में हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक जिंदगी की जंग हार गया। दो दिनों तक इंदौर के अस्पताल में उपचार के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
बताया गया है कि राजगढ़ जिले के भेसवा गांव निवासी सुनील अपने दो मित्रों के साथ बुधवार को वॉटर पार्क घूमने आया था। इसी दौरान स्विमिंग पूल में गोता लगाते समय उसका सिर पूल के तल अथवा किसी कठोर हिस्से से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने उसे तत्काल पानी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर कर दिया था। इंदौर में लगातार उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन शव लेकर वॉटर पार्क पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर पार्क प्रबंधन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई और मामले पर चर्चा की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
सुनेरा थाना पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में वॉटर पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। युवक की असमय मौत से परिवार शोक में डूबा हुआ है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदार पक्षों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








.jpg)






