नई दिल्ली, 15 मई।
दिल्ली में शुक्रवार को हाइड्रोजन से चलने वाली एकीकृत शटल बस सेवा की शुरुआत की गई, जिसे दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सहयोग से शुरू किया। सेंट्रल विस्टा क्षेत्र में आज सुबह 8:30 बजे केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से दो प्रारंभिक बसों को यात्रियों के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के निदेशक (रिफाइनरी) अरविंद कुमार ने डीएमआरसी के निदेशक (संचालन एवं सेवा) डॉ. अमित कुमार जैन को बसों की चाबियां सौंपीं। इन बसों में 35 यात्रियों के बैठने की क्षमता है और इन्हें जीपीएस आधारित ट्रैकिंग तथा सीसीटीवी प्रणाली से सुसज्जित किया गया है, जिससे वास्तविक समय निगरानी, सुरक्षा, समयबद्ध संचालन और निर्धारित मार्ग का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
यह शटल सेवा कार्यदिवसों पर सोमवार से शुक्रवार तक, राजपत्रित अवकाश को छोड़कर, सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। हर 30 मिनट पर बस सेवा संचालित होगी, जो कर्तव्य भवन, विज्ञान भवन, निर्माण भवन, अकबर रोड, बड़ौदा हाउस, राष्ट्रीय स्टेडियम, राष्ट्रीय आधुनिक कला गैलरी, इंडिया गेट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन जैसे प्रमुख स्थलों को जोड़ेगी।
इस सेवा के लिए टिकट दरें 10 और 15 रुपये के चरणबद्ध मॉडल पर निर्धारित की गई हैं। डीएमआरसी बस संचालन, कंडक्टर व्यवस्था, टिकट प्रणाली और यात्री सहायता की जिम्मेदारी संभालेगा, जबकि आईओसीएल चालक और हाइड्रोजन ईंधन की आपूर्ति करेगा। इस पहल को हरित गतिशीलता, स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














