अपराध
13 Apr, 2026

हाथरस में बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता को मारी गोली, गंभीर हालत में आगरा रेफर

हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों द्वारा अधिवक्ता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने के बाद उन्हें आगरा रेफर किया गया।

हाथरस, 13 अप्रैल।

सादाबाद क्षेत्र में रसगवां–आरती मार्ग पर रविवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने अधिवक्ता पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिवक्ता को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया।

प्रकाश नगर निवासी 30 वर्षीय अधिवक्ता सचिन सिसोदिया पुत्र ओम प्रकाश सिसोदिया अपने पैतृक गांव रसगवां से बाइक द्वारा सादाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान रसगवां और आरती गांव के बीच पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।

गोली लगने से अधिवक्ता सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सहपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया।

चिकित्सकों के अनुसार बाजू में गोली लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण स्थिति गंभीर होने पर अधिवक्ता को आगरा के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है तथा पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच जारी है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़