भोपाल, 1 मई।
जबलपुर में बरगी डैम पर हुए दर्दनाक हादसे के बाद मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और प्रभावित परिवारों के दर्द को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।









