झारखंड
15 May, 2026

जदयू ने ट्रैफिक अव्यवस्था पर एसपी को सौंपा ज्ञापन, मानगो में सुधार की मांग

पूर्वी सिंहभूम में जदयू प्रतिनिधिमंडल ने शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, जाम और जांच के नाम पर हो रही परेशानियों को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपकर मानगो क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक सुधार की मांग की।

पूर्वी सिंहभूम, 15 मई।

शहर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था, सड़क जाम और ट्रैफिक जांच के दौरान आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम महानगर इकाई ने पुलिस प्रशासन के समक्ष गंभीर चिंता जताते हुए ज्ञापन सौंपा।

जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विशेष रूप से मानगो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जमशेदपुर के मानगो, डिमना रोड, आजादनगर, ओल्ड पुरुलिया रोड तथा स्कूल क्षेत्रों में वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण आम लोगों को प्रतिदिन लंबे समय तक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति यह है कि स्कूल, कार्यालय और बाजार समय के दौरान प्रमुख सड़कें पूरी तरह अव्यवस्थित हो जाती हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है। साथ ही ट्रैफिक जांच के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर बार-बार जांच अभियान चलाए जाने से जाम की समस्या और गंभीर हो रही है।

जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि एक ही वाहन को थोड़ी दूरी पर बार-बार रोके जाने से आम नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।

पार्टी ने मांग की कि ट्रैफिक चेकिंग की संख्या सीमित की जाए और पूरी व्यवस्था को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाया जाए। साथ ही अन्य शहरों की तरह जमशेदपुर में ऑनलाइन चालान प्रणाली लागू करने का सुझाव दिया गया।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि स्कूल खुलने और छुट्टी के समय स्कूल परिसरों के आसपास ट्रैफिक जांच अभियान नहीं चलाया जाए, क्योंकि इससे बच्चों, अभिभावकों और स्कूल वाहनों को भारी परेशानी होती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

जदयू नेताओं ने मांग की कि मानगो क्षेत्र के लिए स्थायी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए, प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा अवैध पार्किंग और सड़क अतिक्रमण के खिलाफ नियमित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़