बिहार
15 May, 2026

तेज रफ्तार ट्रैक्टर से दर्दनाक हादसा, युवक की मौत पर फूटा गुस्सा, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सुपौल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया, जिससे यातायात बाधित रहा और पुलिस ने बाद में स्थिति नियंत्रित की।

सुपौल, 15 मई।

जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

घटना सदर थाना क्षेत्र के परसरमा–जगतपुर मार्ग पर सिमरा चौक के समीप हुई, जहां बांस से लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बैरों वार्ड संख्या-09 निवासी इंद्रदेव यादव के 26 वर्षीय पुत्र शिवकुमार यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद रौशन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मृतक की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी चार माह की एक पुत्री भी है। वह अपने साले रौशन कुमार के साथ बाइक से करजाइन बाजार के गौसपुर से लाउड विशनपुर स्थित रिश्तेदारी की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।

सूचना पर सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। जनप्रतिनिधियों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रैक्टर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़