अहमदाबाद, 06 मई।
गुजरात के कच्छ जिले के समुद्री क्षेत्र में बुधवार को एक संदिग्ध नाव लावारिस हालत में मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। यह नाव भारत-पाकिस्तान समुद्री सीमा के समीप एक क्रीक इलाके में देखी गई, जिसके बाद जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
बीएसएफ के जवानों ने नियमित गश्त के दौरान इस नाव को देखा। प्रारंभिक जांच में इसमें मछली पकड़ने से जुड़ा सामान मिला है, लेकिन अब तक कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और आसपास के इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्रीक क्षेत्र में भारतीय मछुआरों को जाने की अनुमति नहीं होती, लेकिन कई बार पाकिस्तानी मछुआरे सीमा पार कर इस ओर आ जाते हैं।
जानकारी के अनुसार ऐसे मामलों में कई बार यह भी देखा गया है कि गश्ती दल को देखकर मछुआरे अपनी नाव छोड़कर वापस पाकिस्तान की ओर लौट जाते हैं। फिलहाल बरामद नाव को कब्जे में लेकर विस्तृत जांच जारी है।








.jpg)




