कुलगाम, 12 मई।
कुलगाम जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क और अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने राजस्व विभाग के सहयोग से ड्रिएन दौलताबाद गांव में सर्वे नंबर 197 पर बने अतिक्रमण को हटाने का अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान कुख्यात एनडीपीएस मामले में आरोपी जहूर अहमद शेख पुत्र मोहम्मद जमाल शेख, निवासी ड्रिएन द्वारा सरकारी भूमि पर बनाए गए दो अवैध दुकानों को नियमानुसार ध्वस्त कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही चार एनडीपीएस मामले दर्ज हैं, जिनमें एफआईआर संख्या 150/2018, 251/2020, 87/2020 और 101/2023 शामिल हैं।
इसके अलावा वह पांच अन्य स्थानीय और पत्थरबाजी से जुड़े मामलों में भी संलिप्त पाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के पूरे तंत्र को समाप्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन मिलकर नशा तस्करों, आदतन अपराधियों तथा अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खतरे से बचाना तथा समाज को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नशामुक्त बनाना है।







.jpg)



