भोपाल, 29 अप्रैल
मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है और तापमान नए स्तर छू रहा है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल खजुराहो में मंगलवार को सर्वाधिक तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं राजधानी भोपाल में पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सर्वोच्च स्तर होने के साथ पिछले एक दशक में दूसरा सबसे गर्म दिन भी रहा।
मौसम में इस बदलाव के पीछे साइक्लोनिक सर्कुलेशन की सक्रियता को कारण माना जा रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है। इसके बावजूद बुधवार के लिए 15 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, विदिशा, सागर, रायसेन, मंडला और छिंदवाड़ा शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, पन्ना, सतना और रीवा में दिन के समय तेज गर्म हवाओं का असर रहेगा। शाम के समय मौसम में बदलाव के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, बालाघाट, सिवनी और बैतूल में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की हिदायत दी है, क्योंकि इस समय लू का प्रभाव सबसे अधिक रहता है। भोपाल में भी फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं।
मंगलवार को खजुराहो के अलावा कई अन्य शहरों में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया गया। सीधी में 44.6 डिग्री और श्योपुर में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायसेन में 43.8 डिग्री, उमरिया में 43.5 डिग्री, खंडवा में 43.4 डिग्री, मुरैना में 43.3 डिग्री, मंडला में 43.2 डिग्री तथा रतलाम और दमोह में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। प्रमुख शहरों में भोपाल में 43.6 डिग्री, इंदौर में 42.2 डिग्री, ग्वालियर और उज्जैन में 41 डिग्री तथा जबलपुर में 42.7 डिग्री दर्ज किया गया।
गर्मी के पुराने रिकॉर्ड की बात करें तो वर्ष 2017 से 2025 के बीच भोपाल में केवल एक बार तापमान 43.7 डिग्री तक पहुंचा था, जो 30 अप्रैल 2019 को दर्ज हुआ था। इस आधार पर 28 अप्रैल 2026 का दिन पिछले दस वर्षों में दूसरा सबसे अधिक गर्म दिन साबित हुआ है।






.jpg)




