कोलकाता, 07 मई।
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव के बीच भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि यह हत्या राजनीतिक प्रतिशोध का परिणाम है और उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने ममता बनर्जी को पराजित किया था, इसलिए उनके सहायक को निशाना बनाया गया।
वहीं चंद्रनाथ रथ की मां ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की हत्या चुनावी हार का बदला लेने के लिए की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ नेताओं द्वारा पहले धमकी दी गई थी कि निश्चित तिथि के बाद किसी को नहीं छोड़ा जाएगा।
घटना बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे की है, जब चंद्रनाथ रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में डोलतला क्षेत्र में उनकी गाड़ी को एक वाहन ने रोक लिया, जिसके बाद बाइक सवार हमलावरों ने कई राउंड गोलीबारी की। इस हमले में चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनके चालक को भी गोली लगी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमले में आधुनिक पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था और हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर आए थे। घटनास्थल से एक संदिग्ध वाहन भी बरामद किया गया है, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुवेंदु अधिकारी ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए कहा कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी की थी। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए मामले की केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। राज्य में हाल के दिनों में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है और लगातार जांच की मांग उठ रही है।






.jpg)




