अपराध
08 May, 2026

जयपुर में साइबर ठगी नेटवर्क का बड़ा खुलासा, 48 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

जयपुर दक्षिण पुलिस ने ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत साइबर ठगी और मोबाइल चोरी गिरोहों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 आरोपियों को पकड़कर करोड़ों रुपये के नेटवर्क का खुलासा किया है।

जयपुर, 08 मई।

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिण जिला पुलिस ने साइबर अपराध और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 48 आरोपियों और संदिग्धों को पकड़ा है। ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत हुई इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार विशेष अभियान एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलाया गया, जिसके दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में साइबर अपराध से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 31 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते थे और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने में किया जाता था। पुलिस ने कई मामलों में देशभर से जुड़ी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की।

श्यामनगर और सोडाला थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि साइबर नेटवर्क अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ है और इसकी गहन जांच जारी है।

जयपुर दक्षिण साइबर सेल ने मोबाइल चोरी के मामलों में भी विशेष अभियान चलाया। तकनीकी विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल की मदद से राजस्थान के विभिन्न जिलों से 430 मोबाइल बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच के दौरान ऐसे गिरोहों का भी खुलासा हुआ जो भीड़भाड़ वाले बाजारों और बड़े आयोजनों में बच्चों से मोबाइल चोरी करवाते थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई मोबाइल बरामद किए और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर करोड़ों रुपये की संदिग्ध राशि बैंक खातों में होल्ड करवाई। इनमें से कुछ रकम पीड़ितों को वापस भी कराई गई है।

इसके अलावा पुलिस ने स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर हजारों लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी या मोबाइल चोरी की स्थिति में तुरंत संबंधित पोर्टल और हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करें।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़