मध्य प्रदेश
06 May, 2026

मप्र में उद्योगों का नया दौर, बुरहानपुर बनेगा इंडस्ट्रियल हब

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर में उद्यमी संवाद के दौरान उद्योगों के विस्तार, निवेश वृद्धि और सुखपुरी को औद्योगिक बेल्ट बनाने की योजना पर जोर दिया।

भोपाल, 06 मई।

बुरहानपुर में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार हो चुकी है और अब उद्योगपतियों के सहयोग से नई योजनाओं के माध्यम से इसे आगे बढ़ाने का समय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नवउद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और देश की अर्थव्यवस्था भी निरंतर मजबूत हो रही है।

मुख्यमंत्री ने बुरहानपुर को प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण द्वार बताते हुए कहा कि सुखपुरी क्षेत्र को औद्योगिक बेल्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही रेहटा औद्योगिक क्षेत्र में नए मार्ग का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे उद्योगों को बेहतर सुविधा मिल सके। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया और उद्यमियों द्वारा लगाए गए उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनसे चर्चा भी की।

उन्होंने बताया कि बुरहानपुर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की उपलब्धि वर्ष 2022-23 में 436.11 करोड़ रुपये थी, जो वर्तमान में बढ़कर 802 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। यह वृद्धि स्थानीय उद्यमियों की क्षमता और सक्रियता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए पारदर्शी और त्वरित प्रक्रिया अपनाते हुए हरसंभव सहयोग दे रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने व्यापारियों, उद्योगपतियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए निवेश को बढ़ावा देने और नए उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। यह आयोजन निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर किया गया।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले जहां लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 800 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने इसे प्रदेश में बढ़ते औद्योगिक विकास और निवेशकों के विश्वास का संकेत बताया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बुरहानपुर में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इसके अलावा खरखोद क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक हब विकसित किया जा रहा है, जो भविष्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़