जगदलपुर, 11 मई।
बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोधघाट थाना क्षेत्र से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपित नशीले कैप्सूल बेचने की तैयारी में ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं और नगद राशि जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हाटकचोरा अनुकूल देव वार्ड निवासी 27 वर्षीय दीप सिंह उर्फ राजा और 23 वर्षीय मोहित बघेल के रूप में हुई है। दोनों जगदलपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। सोमवार को उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाटकचोरा स्थित बतख गोदाम चौक के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहक की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास रखी पॉलीथिन से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के 53 पत्ते बरामद किए गए, जिनमें कुल 424 कैप्सूल पाए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख 69 हजार 600 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 430 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।





.jpg)






