सिलीगुड़ी, 09 अप्रैल।
चुनाव से पहले नक्सलबाड़ी का शांत माहौल अचानक झड़पों की भेंट चढ़ गया। बुधवार रात रायपाड़ा इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं के बीच पोस्टर फाड़ने को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते बहस हिंसक संघर्ष में बदल गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इलाके में लगे टीएमसी के पोस्टर फाड़ दिए। इसका विरोध करने पहुंचे टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ पहले बहस हुई और बाद में हाथापाई शुरू हो गई। दोनों पक्षों के अनुसार इस झड़प में बीजेपी के आठ और टीएमसी के तीन कार्यकर्ता घायल हुए। सभी घायलों को नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बीजेपी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन अस्पताल पहुंचे, जहां टीएमसी समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जवाब में बीजेपी समर्थकों ने भी नारेबाजी की।
कुछ समय बाद टीएमसी उम्मीदवार शंकर मालाकार भी अस्पताल पहुंचे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। टीएमसी के कोऑर्डिनेटर अरुण घोष ने इस घटना की निंदा करते हुए बीजेपी पर इलाके में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया।
टीएमसी उम्मीदवार शंकर मालाकार ने चेतावनी दी कि अगर आगे पोस्टर फाड़ने की घटना हुई तो उनके कार्यकर्ता कड़ी प्रतिक्रिया देंगे। दूसरी ओर, बीजेपी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि टीएमसी ने ‘बॉयकॉट बीजेपी’ के अवैध पोस्टर लगाए थे, जिन्हें हटाने के दौरान उनके कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नक्सलबाड़ी थाना में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि, चुनाव से पहले इस घटना के बाद इलाके में तनाव कायम है।


.jpg)




.jpg)
.jpg)




