आसनसोल, 10 अप्रैल।
आसनसोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया जनसभा में दिए गए बयान को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। गुरुवार देर रात राहा लेन स्थित तृणमूल कांग्रेस जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती और आसनसोल उत्तर से पार्टी प्रत्याशी मलय घटक ने प्रधानमंत्री के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा तृणमूल कांग्रेस पर पिछले 15 वर्षों में बंगाल को लूटने के आरोप निराधार हैं और यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है। उन्होंने कहा कि बंगाल और यहां की जनता के खिलाफ की गई टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए, कम है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर बंगाल के हिस्से का दो लाख करोड़ रुपये से अधिक फंड रोका गया है, वहीं दूसरी ओर बड़े-बड़े वादे किए जा रहे हैं, जो राज्य के विकास को बाधित करने जैसा है।
जिलाध्यक्ष ने भाजपा के आईटी सेल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बांग्ला भाषा को “बांग्लादेशी भाषा” कहना बंगाल और बंगाली अस्मिता का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की सोच में बंगाल और उसकी संस्कृति के प्रति सम्मान नहीं दिखता।
उन्होंने आगे कहा कि ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ने और रवींद्रनाथ टैगोर व बंकिम चंद्र चटर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों के नामों को गलत ढंग से प्रस्तुत करने के आरोप भाजपा पर लगते रहे हैं, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री पद का सम्मान है, लेकिन यदि उस पद पर रहते हुए बंगाल के साथ भेदभाव होता है तो जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य के बकाया फंड को क्यों रोका गया, इसका जवाब दिया जाना चाहिए।
वहीं, मलय घटक ने भी केंद्र सरकार पर वादों से पीछे हटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरियां और प्रत्येक नागरिक को 15 लाख रुपये देने जैसे वादे पूरे नहीं हुए, जिससे जनता अब विश्वास नहीं कर रही है।


.jpg)


.jpg)


.jpg)

.jpg)


