रायपुर, 10 अप्रैल 2026।
ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड के कारोबार में लिप्त सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी दुर्ग-रायपुर, बलौदाबाजार के साथ-साथ पश्चिम बंगाल से पकड़े गए हैं। पुलिस पूछताछ में 300 से अधिक फर्जी सिम से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है, जिनका उपयोग विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार इन सिम कार्डों का इस्तेमाल म्यूल बैंक खातों, टेलीग्राम टास्क, ऑनलाइन नौकरी के नाम पर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, शेयर ट्रेडिंग और सस्ते सामान के बहाने धोखाधड़ी जैसे अपराधों में किया जाता था। माना थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में 20.28 लाख रुपये की साइबर ठगी सामने आई है, जिसमें इंडसइंड बैंक के खातों और मोबाइल सिम की भूमिका पाई गई है।
इसी तरह आजाद चौक थाना क्षेत्र में दर्ज दूसरे प्रकरण में 6.42 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें साउथ इंडियन बैंक के खातों और मोबाइल सिम का उपयोग किया गया। दोनों ही मामलों की जांच रेंज साइबर थाना द्वारा की जा रही है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित कंपनियों से सिम कार्ड की जानकारी जुटाई और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई। पीड़ितों और गवाहों के बयान तथा पूर्व में पकड़े गए आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर सात लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में सुदीप्त सासमल, शिवनारायण साहू, जयंत लहरी, मनीष आहूजा, कैलाश प्रताप सिंह, विनोद वर्मा सहित अन्य शामिल हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में मोबाइल सिम बेचने का काम करते थे। इनके पास से प्री-एक्टिवेटेड सिम और बड़ी संख्या में ऐसे सिम की जानकारी मिली है, जिनका इस्तेमाल धोखाधड़ी में किया जा रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नए सिम लेने या पोर्ट कराने वाले ग्राहकों के बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान अतिरिक्त सिम सक्रिय कर लेते थे। जिन ग्राहकों के पास आधार कार्ड की कॉपी होती थी, उनके दस्तावेजों का उपयोग कर डी-केवाईसी के जरिए भी अतिरिक्त सिम जारी किए जाते थे। बाद में इन सिम कार्डों को ऊंची कीमत पर अन्य साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था।
पुलिस ने फर्जी सिम खरीदने वाले दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से साइबर ठगी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है और आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी।









_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)