सागर, 15 मई।
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर सागर स्थित डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को एनएसयूआई के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्र केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिसर में एकत्र हुए और पुतला दहन का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस बल ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और छात्रों तथा पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।
माहौल बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का सहारा लिया और पानी की तेज बौछारों से प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया। छात्र “राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी जवाब दो” और “छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते रहे।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में हुई लापरवाही ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और भविष्य में परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सरकार और शिक्षा मंत्रालय द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।




.jpg)

.jpg)






