धमतरी, 20 अप्रैल
जिले में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें कार लॉटरी का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी की गई है। यह घटना भखारा थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम इर्रा निवासी कमलेश ठाकुर ने वर्ष 2022 में ऑनलाइन माध्यम से दवाइयां मंगाई थीं। इसके कुछ समय बाद उन्हें अज्ञात नंबर से कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि उनके नाम पर कार लॉटरी निकली है। इसी बहाने ठगी की शुरुआत हुई, जो लगातार तीन वर्षों तक चलती रही।
ठगों ने पहले प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर राशि मांगी और जल्द ही कार घर पहुंचाने का भरोसा दिया। इसके बाद टैक्स, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर लगातार पैसे वसूले जाते रहे।
पीड़ित को यह भी लालच दिया गया कि यदि वह कार नहीं लेना चाहते हैं तो जमा की गई राशि सुरक्षित खाते में रहेगी और उस पर अतिरिक्त निवेश से अधिक ब्याज मिलेगा। इस विश्वास में आकर पीड़ित ने यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में लगभग एक करोड़ रुपये भेज दिए।
लंबे समय तक न तो कार मिली और न ही पैसे लौटाए गए, जबकि लगातार और रकम की मांग जारी रही। इससे संदेह होने पर पीड़ित ने भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि दवाइयां एक आयुर्वेदिक कंपनी से ली गई थीं और बाद में उसी से जुड़े नए नंबरों से संपर्क कर पैसे मांगे जाते रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2025 के बीच ठगों ने अलग-अलग किस्तों में यूपीआई और बैंक ट्रांसफर के जरिए 80 लाख रुपये से अधिक की राशि हासिल की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की लॉटरी, इनाम या अधिक मुनाफे के लालच में न आएं और संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत सूचना दें।



.jpg)


.jpg)



