नई दिल्ली, 15 मई।
भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के विरोध पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि हार के डर से दोनों दल इस संवैधानिक और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
भाजपा महासचिव तरुण चुघ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग द्वारा 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों सहित पंजाब में शुरू की गई एसआईआर प्रक्रिया का उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना, वास्तविक मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और फर्जी एवं डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाना है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में अब तक 13 बार गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया हो चुकी है, जिनमें से अधिकांश समय कांग्रेस सत्ता में रही, इसलिए जो प्रक्रिया पहले स्वीकार्य थी, वही अब केवल राजनीतिक कारणों से विवाद का विषय बनाई जा रही है।
तरुण चुघ ने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा चुनाव से पहले भ्रम फैलाना और अनावश्यक दहशत पैदा करना उचित नहीं है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार लोकतांत्रिक दल की तरह इस मतदाता सत्यापन प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी, डुप्लीकेट और अयोग्य प्रविष्टियों को हटाकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना ही इस अभियान का मूल उद्देश्य है, जिससे प्रत्येक वैध मतदाता का अधिकार सुरक्षित रह सके और चुनावी प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी बन सके।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि वह एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग करेगी और चुनावी पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक मजबूती के लिए इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएगी।






.jpg)






