जीरापुर नगर में 21 मई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने जिला अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान सभी विभागों को तय समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समीक्षा बैठक में आयोजन स्थल पर पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, मंच निर्माण, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 मई को जीरापुर पहुंचकर शासकीय सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। साथ ही करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय निकायों ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।








.jpg)





