मध्य प्रदेश
06 May, 2026

सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज, सुरक्षा पर बड़ा फोकस

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन और रेलवे ने आधुनिक तकनीक और मजबूत समन्वय के साथ व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

भोपाल, 6 मई।

उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में पुलिस, रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन में सभी एजेंसियों के बीच मजबूत समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रयागराज महाकुंभ 2025 के अनुभवों का उल्लेख करते हुए बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक रहने की संभावना है, इसलिए पूर्व से ही चरणबद्ध और वैज्ञानिक योजना तैयार की जा रही है।

बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ नियंत्रण के लिए संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाए तथा प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान विशेष यातायात और भीड़ प्रबंधन योजना लागू की जाए। प्रवेश और निकास मार्गों को अलग रखने, अंतिम समय में प्लेटफॉर्म परिवर्तन से बचने तथा प्रमुख स्टेशनों पर सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

उज्जैन, इंदौर, रतलाम, भोपाल सहित ओंकारेश्वर रोड और सीहोर के रेलवे स्टेशनों पर ढांचागत सुविधाओं को मजबूत करने, फुटओवर ब्रिज की चौड़ाई बढ़ाने, संकेतक व्यवस्था और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अपराध नियंत्रण के लिए जीआरपी और आरपीएफ को सतर्क रहने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए संयुक्त त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए जाएंगे।

बैठक में प्रयागराज महाकुंभ के अनुभव साझा करते हुए उत्तर प्रदेश के रेल महानिदेशक ने बहु-स्तरीय भीड़ प्रबंधन, होल्डिंग एरिया, संकेत व्यवस्था, रंग आधारित वर्गीकरण और वास्तविक समय निगरानी प्रणाली को प्रभावी बताया। साथ ही एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र और डिजिटल समन्वय को महत्वपूर्ण बताया गया।

आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा ने विभिन्न रेलवे जोनों के बीच बेहतर तालमेल, अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन, संयुक्त प्रशिक्षण और एनडीआरएफ के साथ समन्वय पर बल दिया।

अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ 2028 का आयोजन 9 अप्रैल से 8 मई तक प्रस्तावित है, जिसमें लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। शाही स्नान के दिनों में एक ही दिन में लगभग 5 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए 3100 हेक्टेयर क्षेत्र में मेला क्षेत्र विकसित किया जा रहा है और घाटों का विस्तार लगभग 37 किलोमीटर तक किया जाएगा।

रेलवे द्वारा वर्ष 2016 की तुलना में तीन गुना अधिक विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही शॉर्ट डिस्टेंस मेला ट्रेनें, डायनेमिक समय सारणी, दोहरे इंजन वाली ट्रेनों का संचालन और प्लेटफॉर्म प्रबंधन की विशेष रणनीति तैयार की जा रही है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी प्रमुख स्टेशनों पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित भीड़ निगरानी, वैकल्पिक बिजली व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, सार्वजनिक संबोधन प्रणाली और प्रवेश नियंत्रण को मजबूत किया जाएगा। साथ ही चिकित्सा दलों की तैनाती और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उन्नत तकनीक, सुदृढ़ योजना और मजबूत समन्वय के माध्यम से सिंहस्थ 2028 का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़