नई दिल्ली, 10 अप्रैल 2026।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यसभा के निवर्तमान उपसभापति हरिवंश को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने दोनों नेताओं के योगदान को सराहते हुए उनके नए संसदीय कार्यकाल के लिए सफलता की कामना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर साझा संदेश में नीतीश कुमार को देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक बताते हुए कहा कि सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की व्यापक सराहना होती रही है और उन्होंने बिहार के विकास में महत्वपूर्ण एवं स्थायी योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर उन्हें संसद में देखना प्रसन्नता का विषय है, क्योंकि वे पहले भी सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में लंबे समय तक सेवा दे चुके हैं।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने उन्हें राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर शुभकामनाएं देते हुए आगे के कार्यकाल के लिए भी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
हरिवंश को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि वे पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सम्मानित बुद्धिजीवी और विचारक हैं। उन्होंने अपने विचारों और दृष्टिकोण से पिछले वर्षों में सदन की कार्यवाही को समृद्ध किया है और राष्ट्रपति द्वारा उनके मनोनयन का भी उल्लेख किया।
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और हरिवंश ने आज राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। यह शपथ उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन द्वारा संसद भवन में दिलाई गई।
हरिवंश का पिछला कार्यकाल नौ अप्रैल को समाप्त हुआ था, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किया गया। यह मनोनयन उस रिक्त सीट पर हुआ जो उच्चतम न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के कार्यकाल समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। राज्यसभा में कुल बारह सदस्य राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किए जाते हैं, जिन्हें कला, साहित्य, विज्ञान और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में विशेष योगदान के आधार पर चुना जाता है।





_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)


.jpg)
.jpg)