भोपाल, 6 मई।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है, जहां कलियासोत और भदभदा डेम क्षेत्र में दुर्लभ पक्षी स्किमर (इंडियन स्किमर) को लगातार देखा जा रहा है। यह स्थिति पर्यावरणीय संतुलन और जलाशयों की गुणवत्ता में सुधार का संकेत मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से इन दोनों जलाशय क्षेत्रों में इस संवेदनशील जलीय पक्षी की नियमित उपस्थिति दर्ज की जा रही है। इससे पहले भोपाल क्षेत्र में इस पक्षी का इस प्रकार दिखना दर्ज नहीं हुआ था, जिससे यह घटना और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बताया गया कि स्किमर पक्षी केवल स्वच्छ जल, शांत वातावरण और उपयुक्त तटीय आवास वाले क्षेत्रों में ही निवास करता है। इसका लगातार दिखाई देना इस बात का प्रमाण है कि कलियासोत और भदभदा क्षेत्र में पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक वातावरण विकसित हुआ है।
इस उपलब्धि को वन विभाग द्वारा किए गए सतत संरक्षण प्रयासों, जलाशयों के संरक्षण, हरित क्षेत्र संवर्धन और स्थानीय नागरिकों व प्रकृति प्रेमियों के सहयोग का परिणाम बताया गया है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जनजागरूकता को भी इसका प्रमुख कारण माना गया है।
अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी आर्द्रभूमियों के संरक्षण, पक्षी आवासों की सुरक्षा और जैव विविधता संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे, जिससे भोपाल को प्रकृति और पक्षी मित्र शहर के रूप में और अधिक पहचान मिल सके।



.jpg)





.jpg)



