अपराध
13 May, 2026

व्हाट्सएप स्टेटस के बाद कुएं में पिता व दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी

बालाघाट जिले के कटंगी क्षेत्र के जरामोहगांव में एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों के शव कुएं में मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है, घटना से पहले लगाए गए व्हाट्सएप स्टेटस ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।

बालाघाट, 13 मई।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जरामोहगांव में बुधवार को एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों के शव कुएं में तैरते हुए मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों बच्चों के शव पिता के शरीर से गमछे में बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जरामोहगांव निवासी श्याम नागेंद्र, पिता भागवत, और उसके दो बच्चों वंश (5) तथा भूरी (3) के रूप में हुई है। श्याम एलआईसी एजेंट के रूप में कार्यरत था। घटना से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक व्हाट्सएप स्टेटस लगाया था, जिसमें लिखा था कि “नहीं है जिंदा रहने की आरजू, नहीं चाहिए कोई वादा या रिश्ता।”

जानकारी के मुताबिक श्याम मंगलवार रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच अपने दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था। देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गांव में दो शादियों के चलते शुरुआत में यह अनुमान लगाया गया कि वह बच्चों के साथ वहां गया होगा, लेकिन देर रात भी घर न लौटने पर चिंता बढ़ गई। इसी दौरान गांव के पट मैदान के पास उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे आशंका गहरा गई।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और तलाश शुरू की गई। कुछ दूरी पर बिना मुंडेर वाले कुएं के पास उसकी चप्पलें मिलीं, जिसके बाद बुधवार सुबह कुएं में तीनों के शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाट के सहारे तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। क्षेत्र के एसडीओपी विकास सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़